बिलासपुर शहर के श्रमिक बहुल शनिचरी चांटीडीह इलाके के पुराने मंडी परिसर में शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न केंद्र में मात्र 5 रुपए में पंजीकृत श्रमिकों को भरपेट भोजन मिलेगा।
भक्त माता कर्मा जयंती के शुभ अवसर पर शुभारंभ करते हुए विधायक सुशांत शुक्ला व महापौर पूजा विधानी ने श्रमिकों के साथ बैठकर भोजन किया।
1800 श्रमिकों को भोजन कराया जा रहा है
केंद्र से प्रतिदिन लगभग 700 मजदूरों को लाभान्वित करने की योजना है। गौरतलब है कि ये शहर का तीसरा श्रम अन्न केंद्र है। इसके पहले वृहस्पति बाजार और तिफरा में पूर्व से संचालित है। कुल मिलाकर तीनों अन्न केंद्रों से लगभग 1800 श्रमिकों को मात्र 5 रुपए में भरपेट भोजन मुहैया हो रहा है।
विधायक सुशांत शुक्ला ने श्रम अन्न केंद्र का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि चांटीडीह के मजदूरों ने तीन माह पहले श्रमिक भोजन केंद्र की मांग की थी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के निर्देश पर अल्पावधि में यह केंद्र शुरू हो पाया। उन्होंने इलाके के श्रमिकों को बधाई दी और बेहतर संचालन के लिए शुभकामनाएं दी।
इस केंद्र को महापौर पूजा विधानी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को ट्रिपल इंजन सरकार का फायदा मिला।
श्रम विभाग की सहायक आयुक्त ज्योति शर्मा ने योजना की पृष्ठभूमि बताई। कहा कि श्रमिक काम की तलाश में सवेरे से ही चावड़ी में बैठ जाते है। बिना खाए पिए वे इंतजार करते रहते हैं। कई बार बिना कुछ खाए काम में चले जाते हैं। इससे उनके स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ता है। इसे देखते हुए विष्णुदेव की सरकार ने योजना लाई। अब वे मात्र 5 रुपए में भरपेट भोजन कर काम में जा सकते हैं।
खुलने का समय सुबह 8 बजे से 11 बजे तक भोजन केंद्र खुला रहेगा
